तू अडिग अविचल मनुज, फिर है भला बेचैन क्यूँ ?
सुस्त पड़ती धमनियां और अश्रु बहते नैन क्यूँ ?
दर्द में डूबे हुए हर एक नारी और नर ।
आसमाँ भी रो रहा और मेघ बरसें तड़पकर ।।
तूने सागर को मथा,तू चढ़ गया,उत्तुंग गिरि पर ।
प्रस्तरों को काट डाला, उड़ रहा अंतरिक्ष ऊपर ।।
है नहीं कोई जगह,पहुँची न हो तेरी कला ।
फिर तुम्हें है साधती क्यों काल बनकर ये बला ?
सोचकर देखो कदम डगमग हुए थे कब तुम्हारे ।
और पेशानी पे थी चमकी, कब पसीने की व्यथा रे ।।
दूसरों के दर्द में तू पकड़ माथा,कब था रोया ।
किस घड़ी करके मशक्कत, तूने ऐसा बीज बोया ।।
जिस विटप की छाँव, तू बैठे गिने गुण और अवगुण ।
जीतना है आज तुझको, खुद से लड़के आज ये रण ।।
मन का रण ये,तन का रण ये, धन का है ये महायुद्ध ।
है विचारों से भी लड़ना, कौन है इतना प्रबुद्ध ।।
श्वाँस का घर्षण छिड़े,छाए व्यथा हर अंग में ।
रोंया रोंया टूटता, कालिख पुती हर रंग में ।।
हर तरफ फैली विफलता,हर तरफ आक्रोश जैसा ।।
फिर भला कैसे संवारें देश, औ श्रृंगार कैसा ?
क्यों न हम फिर से सहेजें, मूल्य और अपनी धरोहर ।
पहले अपना घर संवारें, फिर चढ़ें हम चाँद पर ।।
क्यों न हम कुछ बीज बोएं और उगाएं वृक्ष ऐसे ।
साँसों की फिर सौदेबाजी, कर न पाए कोई हमसे ।।
है उठे ये प्रश्न मन में, मित्र कुछ ऐसे बनाएँ ।
जीने की जिनमें कला हो, दुख पड़े तो पूँछ जाएँ ।।
कह सकें जिनसे सदा,मन की कठिन दारुण कथा ।
दूर से ही समझ ले जो, मेरे हिरदय की व्यथा ।।
वरना अर्थी जब उठेगी, कुछ न होगा हाथ में ।
अश्रु में न नैन डूबे, न ही कोई साथ में ।।
**जिज्ञासा सिंह**